Tuesday, 20 November 2018

खूबसूरती


राकेश अपनी लेक्चरर बहन की शादी करवाने के लिए बहुत हाँथ-पाँव मार रहा था । पर बात कहीं बन नहीं रही थी । कहीं बात लेन-देन पर अटक जाती, कहीं नौकरी न छोड़ने की शर्त पर, तो कहीं लड़की की साँवली सूरत पर तो कहीं नौकरी के स्थांतरणीय न होने पर । लड़के वालों के कई जुमले तो हमेशा उसके कानों में सदा गुँजते रहते । शादी में हम तो कोई खर्च नहीं करेंगें न ! हमें तो मिल्की ह्वाईट लड़्की चाहिए । आपकी बहन लेक्चरर है तो क्या, हमारा लड़का भी तो सरकारी नौकरी में है, भले हि सिविल कोर्ट में क्लर्क है पर है तो सरकारी नौकरी ।रह-रह कर उसके कानों में अपने सहकर्मी की कही एक बात भी गुँजती – आजकल के लड़के और उनके घरवालों का कहना ही क्या ! उन्हें तो बस चाहिए – “मनी टाईट, अमेरिकन हाईट और मिल्की ह्वाईट”। ऐसे में माँ की आवाज उसे सहारा देती – “सब काम हो जाएगा, जब समय आएगा” ।
इस बार छुट्टियों में बहन जब घर आई तो उसने माँ से उसकी एक नई फोटो खींचवा देने की बात की क्योंकि वर्तमान फोटो पर वह कई जगह से ना सुन चुका था । पर बहन ने साफ मना कर दिया । जब वह छुट्टियों के बाद चलने लगा तो छोटी बहन ने लेक्चरर बहन का एक नया फोटो देते हुए उसे रख लेने को कहा । नया फोटो लेक्चरर बहन की किसी सहेली ने अपने मोबाईल से खींचा था और कहा था कि फोटो में वह अच्छी लग रही थी । राकेश को भी फोटो अच्छी लगी । वह फोटो को अपने फाईल में रख अपने काम की जगह पटना आ गया ।
अगले रविवार को हर रविवार की तरह उसने अखबार आते ही वैवाहिक विज्ञापनों का पन्ना खोल अपनी जाति के ’वधू चाहिए’ विज्ञापनों को खंगालने लगा । दो-चार उपयुक्त विज्ञापनों को लाल कलम से टिक करने के बाद उन विज्ञापनों में दिए फोन नंबरों पर बात करने में व्यस्त हो गया । समस्तीपुर के एक लड़के वाले ने फोटो, विवरणी और टीपण कुरियर से भेजने की बात की । राकेश ने अगले ही दिन उस नए फोटो की पाँच प्रतियाँ बनवाईं और उनमें से एक पुराने फोटुओं के साथ विवरणी व टीपण सहित कुरियर कर दिया । पाँच दिनों के बाद उसे आगे की बातचीत का बुलावा आया । उसे लगा कि यह नए फोटो का ही कमाल है । अगले रविवार को वह समस्तीपुर जा पहुँचा । लड़के के पिता ने उसका गर्मजोशी से स्वागत किया । फिर लड़के की माँ भी आ गई । चाय नाश्ते के साथ लड़के के पिता ने अपने उच्च घराने और लाखों की सम्पत्ति का ब्यौरा पेश किया । राकेश को इस सब में कोई दिलचस्पी नहीं हुई । चाय पीते हुए उसने लड़के के संबंध में पूछ-ताछ की और फिर उनकी डिमांड आदि के बारे में पूछा तो लड़के के पिता ने उससे उसका इस्टीमेट पूछा । उसके गोल-मोल जवाब देने और दूसरे ढंग से कुरेदने पर लड़के के पिता ने कहा- आजकल बारह-चौदह सोने, चार-पाँच लाख और गाड़ी से क्या होता है ! अब राकेश ने अपनी बात रखी तो लड़के के पिता के चेहरे का रंग उतरने लगा । फिर अचानक लड़के के पिता ने कहा आपने जो अपनी बहन की तीन फोटुएँ दी हैं, वे सब तो बिल्कुल अजीब और अलग-अलग हैं और लड़की दिखा देने की बात की । फिर नए वाले फोटो को ले वे कहने लगे अब इस फोटो को लीजिए, इसमें तो लड़की तो बिल्कुल ठिगनी लग रही है । चेहरा बड़ा और शरीर छोटा लग रहा है । तब राकेश ने बात में फोन पर आगे बात करने और लड़की दिखाने की बात कर आज्ञा माँगी । लौटते समय बार-बार राकेश के मन में एक ही बात घुमड़ रही थी – “खूबसूरती............... देखने वाले.........की नजर.............................................”।


No comments:

Post a Comment